झांसी – चिन्मय मिशन, झांसी द्वारा आयोजित होने जा रहे भव्य “चिन्मय ज्ञान यज्ञ” के संबंध में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन आई.एम.ए. भवन, बी.के.डी. चौराहा, झांसी में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर चिन्मय मिशन, झांसी के सचिव ईo मुकेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह 5 दिवसीय ज्ञान यज्ञ दिनांक 21 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस ज्ञान यज्ञ के मुख्य वक्ता चिन्मय मिशन, साउथ अफ्रीका से पधार रहे पूज्य स्वामी अभेदानंद जी होंगे, जो अपनी सरल, तार्किक एवं जीवनोपयोगी शैली में वेदांत, श्रीमद्भगवद्गीता एवं रामायण के गूढ़ विषयों को जनसामान्य तक पहुँचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात हैं।
ज्ञान यज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन सायं 6:30 से 8:00 बजे तक “रामायण प्रवचन” (रामचरितमानस के मनु-शतरूपा प्रसंग पर आधारित) आयोजित किए जाएंगे। साथ ही दिनांक 22 से 26 मार्च 2026 तक प्रातः 8:00 से 9:30 बजे तक “गीता पंचामृत” विषय पर विशेष प्रवचन श्रृंखला भी आयोजित होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ 21 मार्च 2026 को सायं 6:15 बजे होगा। आयोजन स्थल आई.एम.ए. भवन, बी.के.डी. चौराहा के पास, झांसी निर्धारित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि Chinmaya Mission एक विश्वव्यापी आध्यात्मिक संस्था है, जो वेद, उपनिषद, गीता एवं रामायण पर आधारित सनातन ज्ञान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरल एवं प्रभावी रूप में पहुँचाने का कार्य कर रही है।
चिन्मय मिशन परिवार, झांसी द्वारा समस्त साधकों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से आग्रह किया गया है कि वे इस ज्ञान यज्ञ में परिवार सहित पधारकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
इस अवसर पर मिशन के आचार्य, पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – रजनी गुप्ता झांसी
