गोदरीपारा में जल संकट पर बड़ा एक्शन: 14 टैंकरों से सप्लाई, 16 नई टंकियों से बदलेगी तस्वीर
*चक्का जाम के बाद प्रशासन अलर्ट, पाइपलाइन विस्तार और नए कनेक्शन का काम तेज
चिरमिरी एमसीबी – गोदरीपारा क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर हुए चक्का जाम के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। अब क्षेत्र में राहत और स्थायी समाधान की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। नगर पालिक निगम चिरमिरी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रभावित इलाकों में 14 टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी सप्लाई की जा रही है।

अमृत मिशन 2.0 से मिलेगा स्थायी समाधान
निगम के अनुसार, अमृत मिशन 2.0 के तहत घर-घर नल कनेक्शन देने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही पाइपलाइन विस्तार और जल आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।

इन वार्डों में पाइप लाइन विस्तार
15वें वित्त आयोग की राशि से गोदरीपारा, डोमनहिल और बरतुंगा क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 26, 27, 30, 31, 32, 33, 34 और 35 में करीब 100 मीटर नई पाइपलाइन जोड़कर बड़ाबाजार पानी टंकी से कनेक्शन दिया गया है, जिससे एसईसीएल कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

गर्मी में राहत के लिए टैंकर व्यवस्था
निगम ने बताया कि जल स्तर में गिरावट और प्रेशर कम होने के कारण अस्थायी समस्या बनी थी। ऐसे में नगर निगम और एसईसीएल प्रबंधन के समन्वय से 14 टैंकरों के जरिए नियमित जलापूर्ति की जा रही है, ताकि लोगों को परेशानी न हो।

15 दिन में कनेक्शन पूरा, सप्ताह में दो दिन सप्लाई
जन जागरण संघर्ष समिति की मांगों पर संज्ञान लेते हुए निगम ने आश्वासन दिया है कि 15 दिनों के भीतर पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

16 नई टंकियों से बदलेगी तस्वीर
दीर्घकालिक समाधान के तहत अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 16 नई पानी टंकियों के निर्माण के लिए स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं। योजना पूरी होने के बाद हर घर तक नियमित और सुचारु जल आपूर्ति संभव हो सकेगी।

प्रशासन का भरोसा – कहीं भी नहीं होगी पानी की कमी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जहां भी अस्थायी जल संकट उत्पन्न होगा, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए नगर निगम और एसईसीएल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह जिला ब्यूरो चीफ कोरिया एमसीबी

Leave A Reply

Exit mobile version