नौ दिनों की पूजा-अर्चना के बाद भावुक हुए श्रद्धालु, जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच हुआ प्रतिमा विसर्जन
गरियाबंद। नौ दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और आराधना में लीन रहे श्रद्धालुओं ने विजयादशमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी। गरियाबंद नगर सहित ग्राम हरदी, घुटकू नवापारा, कस, कोचबाय, सड़क परसूली सहित विभिन्न ग्रामीण अंचलों में ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और माता रानी के जयकारों के बीच दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती और सेवा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विदाई की घड़ी भावुक कर देने वाली रही। मां को विदा करते समय भक्तों की आंखें नम हो गईं। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक विसर्जन यात्रा में भाग लेते हुए मां से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की मंगलकामना की। इस दौरान ‘जय माता दी’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वहीं, प्रतिमा विसर्जन के पश्चात विभिन्न स्थानों पर भव्य भोग-भंडारे का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्रि के दौरान गांव-गांव में उमड़ी आस्था ने धार्मिक परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की।
मां दुर्गा की विदाई के साथ नवरात्रि उत्सव का समापन भले ही हो गया, लेकिन भक्तों के हृदय में माता के प्रति श्रद्धा और विश्वास की ज्योति सदैव प्रज्वलित रहेगी।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
