गरियाबंद में खड़गे की टिप्पणी पर बवाल, युवा मोर्चा ने फूंका पुतला
तिरंगा चौक पर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी, प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर जताया आक्रोश
गरियाबंद। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में गरियाबंद में राजनीतिक आक्रोश देखने को मिला। युवा मोर्चा जिला गरियाबंद के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की मांग की।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साहू बोले—राजनीति में भाषा की मर्यादा जरूरी
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साहू ने खड़गे की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के संबंध में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत और पारिवारिक विषयों को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद की गरिमा और भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
अजय रोहरा और आशीष शर्मा ने भी साधा निशाना
जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने खड़गे की टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए उनके बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी तथा खड़गे को मानसिक दिवालिया का शिकार बताया । उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने सार्वजनिक बयानों की जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
वहीं, जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने खड़गे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका बयान गांधी परिवार के इशारे पर दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि अभी तो सिर्फ चौक पर पुतला दहन किया जा रहा है नहीं सुधरे तो कांग्रेस कार्यालय में भी सोनिया गांधी ,राहुल गांधी और खड़गे की पुतला दहन किया जाएगा
तिरंगा चौक पर पुतला दहन, कांग्रेस के खिलाफ गूंजे नारे
खड़गे की कथित टिप्पणी के विरोध में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गरियाबंद के तिरंगा चौक पर पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी व्यक्ति के परिवार और दिवंगत परिजनों को लेकर अमर्यादित भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
प्रदर्शन के माध्यम से युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व के बयानों पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक जीवन में शालीनता, जिम्मेदारी और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया।
ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस विरोध प्रदर्शन में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साहू, जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, गरियाबंद मंडल अध्यक्ष सुमीत पारख, बिंद्रानवागढ़ मंडल अध्यक्ष धनराज विश्वकर्मा, पार्षद सूरज सिन्हा, युवा मोर्चा मंत्री ओंकार साहू, प्रवक्ता राधेश्याम सोनवानी सहित गौतम शर्मा, संजय सोनकर, शीतल सिन्हा, आकाश राजपूत, हर्ष देवांगन, आयुष तिवारी, बादल साहू, लालजी साहू, लोकेश सिन्हा एवं संजू सिन्हा उपस्थित रहे।
गरियाबंद में हुए इस प्रदर्शन ने राजनीतिक बयानबाजी को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों में भाषा की गरिमा और सामाजिक मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद
