चौकीदार को रस्सी से बांधकर दिया था वारदात को अंजाम, एक सप्ताह तक की थी फैक्ट्री की रेकी।

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और कबीर नगर थाना पुलिस ने हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का डकैती का सामान और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया व दोपहिया वाहन सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री रॉबिन्सन गुरिया की सतत निगरानी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक बंद फैक्ट्री की रेकी की थी। 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे आरोपी फैक्ट्री पहुंचे और चौकीदार के विरोध करने पर उसके दोनों हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद कार्यालय और फैक्ट्री में रखे एल्युमिनियम वायर, कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड, कॉपर क्वाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से डकैती का सामान, कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टाटा एस वाहन और स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, मारपीट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में जेल जा चुके हैं।

थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत धारा 127(2), 310(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।

Comments are closed.

Exit mobile version