शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तीकरण की जमीनी हकीकत परखी, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश
गरियाबंद, आकांक्षी विकासखंडों के समग्र विकास, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की उप सचिव एवं नीति आयोग की केंद्रीय प्रभारी अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने गरियाबंद एवं मैनपुर विकासखंड का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और महिला स्व-सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों का जायजा लेकर योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैनपुर विकासखंड के देहारगुड़ा स्थित शासकीय विद्यालय, भाटीगढ़ आंगनबाड़ी केंद्र तथा बरदुला-बोइरगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य केंद्र के प्रसवोत्तर देखभाल कक्ष का अवलोकन किया। वहीं, गरियाबंद के मजरकट्टा स्थित बिहान कैंटीन पहुंचकर महिला स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों, स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जानकारी ली।
सुश्री चौधरी ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण व्यवस्था तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय समन्वय मजबूत करने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं रोजगार के क्षेत्र में धरातल पर सकारात्मक बदलाव दिखाई दे।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद पंचायत गरियाबंद की टीम उपस्थित रही।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

