गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों की कराई गई परेड, नशे और अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ

धमतरी। गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों की सघन चेकिंग की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर श्री भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री थाना क्षेत्र के ऐसे व्यक्तियों को थाने बुलाकर परेड कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा करते हुए अपराध और नशे से दूर रहकर शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करने की समझाइश दी। इस दौरान उन्हें नशे और अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि या शांति भंग करने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिनके आचरण और गतिविधियों में लगातार सुधार पाया जाएगा, उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में नियमानुसार सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।

अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर विशेष नजर

त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्णय लिया है। अड्डेबाजी, लड़ाई-झगड़ा, चाकूबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक एवं माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार निगरानी, चेकिंग और आवश्यकतानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर श्री भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री राजेश जगत सहित सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री थाना के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version