बिना विशेष कारण किसी पेंशनर की पेंशन न रोकने के निर्देश, सेवा पुस्तिका और अभिलेख समय पर दुरुस्त रखने की दी नसीहत
डिंडौरी। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी को लेकर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी विशेष कारण के बिना किसी भी पेंशनर की पेंशन नहीं रोकी जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा, “कल आप भी सेवानिवृत्त होंगे, पेंशन के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ें तो कैसा लगेगा?”
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पेंशनर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पेंशन उनके जीवन का महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा होती है। ऐसे में पेंशन प्रकरणों के निराकरण में अधिकारियों को संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्ति से पहले दस्तावेज रखें अपडेट
कलेक्टर ने शासकीय कर्मचारियों को भी अपनी सेवा पुस्तिका एवं संबंधित अभिलेखों को लेकर सजग रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को समय-समय पर अपनी सेवा पुस्तिका और अन्य आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त एवं अद्यतन कराते रहना चाहिए। सेवानिवृत्ति से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखना कर्मचारी की भी जिम्मेदारी है, जिससे बाद में पेंशन एवं अन्य स्वत्वों के भुगतान में परेशानी न हो।
हर शनिवार हो रही प्रकरणों की समीक्षा
बैठक में बताया गया कि आगामी छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों की प्रत्येक शनिवार समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही ऐसे पेंशनरों के मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की जा रही है, जिनकी सेवानिवृत्ति के बाद किसी कारण से पेंशन लंबित अथवा रुकी हुई है।
डिंडौरी के 71,845 पेंशनरों के खातों में 43.10 लाख अंतरित
बैठक के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित पेंशन हितलाभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में प्रदेश के 35.42 लाख पेंशनरों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से करीब 212.87 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।
इसी क्रम में डिंडौरी जिले के 71,845 पेंशनरों के खातों में 43 लाख 10 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की गई।
डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
