परिजनों की डांट से नाराज होकर पहुंची थीं पीथमपुर, मोबाइल लोकेशन से मिली सफलता

छिंदवाड़ा। थाना देहात पुलिस ने ग्राम गांगीवाड़ा से लापता पांच नाबालिग बालिकाओं को 24 घंटे के भीतर पीथमपुर, जिला धार से सकुशल दस्तयाब किया। 21 सितंबर को परिजनों ने बालिकाओं की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी और थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत की टीम ने जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से एक बालिका के मोबाइल की लोकेशन पीथमपुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और पांचों को दस्तयाब किया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि मोबाइल चलाने, पढ़ाई और घरेलू कामकाज को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर वे काम करने पीथमपुर चली गई थीं। 22 सितंबर को पांचों को छिंदवाड़ा लाया गया। धार में काउंसलिंग के बाद उन्हें आगे की काउंसलिंग के लिए छिंदवाड़ा के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जी.एस. राजपूत, करिश्मा चौधरी, उपनिरीक्षक हर्ष नागले सहित थाना देहात और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा _अमित मिश्रा

Leave A Reply

Exit mobile version