रायपुर। सरगुजा एवं अंबिकापुर क्षेत्र में पत्रकारों और सोशल मीडिया एक्टिविस्टों के खिलाफ कथित चरित्र-हनन, धमकी, भ्रामक प्रचार तथा सोशल मीडिया पर वीडियो की आधी-अधूरी क्लिप प्रसारित किए जाने के मामलों को लेकर प्रेस एंड मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ इकाई ने चिंता जताई है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री, गृह मंत्री एवं पुलिस महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामलों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की।
ज्ञापन में पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो क्लिप, FIR और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की विधिसम्मत जांच तथा आवश्यक होने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने कहा कि यदि पत्रकारों को उनकी रिपोर्टिंग के कारण निशाना बनाए जाने की शिकायत है, तो इस पहलू की भी स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
एसोसिएशन ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी संस्थागत व्यवस्था विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकार कानून से ऊपर नहीं हैं, लेकिन पत्रकारिता से जुड़े सवालों का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने शासन और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव

Leave A Reply

Exit mobile version