प्रभुपाल चौहान
उत्तर प्रदेश

कानपुर में ITBP जवानों ने पुलिस कमिश्नरेट घेरा,40-50 जवान हथियार लेकर पहुंचे

 

कानपुर में साथी जवान की शिकायत पर कार्यवाई न होने से नाराज ITBP के हथियार बंद जवानों ने पुलिस कमिश्नरेट को घेर लिया। और पूरे परिसर में जगह-जगह खड़े हो गए। वर्दी में हथियार से लैस होकर पहुंचे अर्धसैनिक बल के जवानों को देखकर पुलिस वाले पीछे हट गए, करीब 1 घंटे तक परिसर में माहौल तनाव पूर्ण रहा।

पुलिस कमिश्नर,CMO और अन्य अधिकारियों के बीच लंबी बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।

दरअसल आइटीबीपी कैंप में तैनात कमांडो विकास सिंह की मां निर्मला देवी के पेट की समस्या का इलाज टाटमिल चौराहा स्थित कृष्णा हॉस्पिटल में हुआ था। आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही हुई जिसके कारण उनके हाथ में संक्रमण फैल गया और बाद में हाथ काटना पड़ा।

घटना से नाराज विकास मंगलवार 19 मई को मां का कटा हाथ लेकर पुलिस कमिश्नर के पास पहुंचे थे। उनसे अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने जांच के लिए मामला सीएमओ को भेज दिया था। सीएमओ की और से बनाई गई जांच कमेटी ने रिपोर्ट दी लेकिन उसमें स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला और कोई कार्यवाही नहीं हुई।

इससे नाराज आईटीबीपी के जवान 50 जवानों और अधिकारियों के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कार्यवाही की मांग की। स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अस्पताल की लापरवाही थी या नहीं।

अफसर बोले-मेरे कांस्टेबल और इंस्पेक्टर की भी हो चुकी है मौत

आईटीबीपी के लाइजनिंग ऑफिसर अर्पित सिंह ने बताया-मुझे यह भी जानकारी मिली है कि आईटीबीपी की एक महिला कांस्टेबल की भी इलाज के दौरान कृष्णा हॉस्पिटल में मौत हो चुकी है।
एक इंस्पेक्टर की भी इलाज में लापरवाही के चलते मौत हो चुकी है। इस वजह से इस अस्पताल के खिलाफ मैं खुद अपने कांस्टेबल के साथ यहां पर शिकायत करने पहुंचा हूं ताकि कृष्णा हॉस्पिटल के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जा सके।

दोबारा जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्यवाई-एडीजी

एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर विपिन ताडा ने बताया-एक आइटीबीपी जवान ने शिकायत की थी कि उसकी मां के इलाज में लापरवाही हुई। मामला मेडिकल लापरवाही से जुड़ा होने के कारण इसे सीएमओ को जांच के लिए भेजा गया था। सीएमओ ने डॉक्टरों की एक कमेटी बनाकर जांच कराई और रिपोर्ट दी लेकिन शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट पर कुछ आपत्तियां जताई।
अब दोबारा जांच करने पर सहमति बनी है जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे कार्रवाई होगी। आइटीबीपी जवान अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आए थे बातचीत के बाद में संतुष्ट होकर लौट गए।

Leave A Reply

Exit mobile version