अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह ने छात्राओं से संवाद कर सोशल मीडिया एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में किया जागरूक
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित ऑपरेशन “Safe Click 2.0” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक को उज्जैन पुलिस द्वारा ज्ञान सागर ग्लोबल एकेडमी, उज्जैन में छात्राओं हेतु एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं से आत्मीय एवं संवादात्मक शैली में चर्चा करते हुए वर्तमान समय में सोशल मीडिया और इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ उत्पन्न होने वाले साइबर खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्क एवं जागरूक रहना आवश्यक है।

उन्होंने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, OTP एवं बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग लिंक, QR कोड स्कैम, निवेश एवं पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी, फेक लोन ऐप, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड तथा AI के माध्यम से किए जा रहे साइबर अपराधों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही इन अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया पर अपनी गोपनीयता (Privacy Settings) का विशेष ध्यान रखें।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह ने छात्राओं को यह भी बताया कि यदि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध घटित होता है, तो घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने साइबर अपराध की सूचना समय पर देने के महत्व पर भी विशेष बल दिया, जिससे ठगी गई राशि को समय रहते होल्ड कराया जा सके।

कार्यक्रम को अधिक सहभागितापूर्ण एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा विषय पर प्रश्नोत्तरी (क्विज) का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं से साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन फ्रॉड से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। सही उत्तर देने वाली छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें सदैव जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं मित्रों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया। उज्जैन पुलिस द्वारा सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार से अपील की गई कि वे साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें, सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें। उज्जैन पुलिस भविष्य में भी ऑपरेशन “Safe Click 2.0” के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं निजी संस्थानों तथा आमजन के बीच निरंतर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
उज्जैन से जिला ब्यूरो रिंकू सोगानी







