ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए हथियार और संदिग्ध सामानों की सप्लाई पर कांकेर पुलिस की नकेल
कांकेर। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ऑनलाइन माध्यमों से धारदार व प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए कांकेर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली कांकेर में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों, डिलीवरी एजेंसियों और कूरियर संचालकों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर श्री जितेन्द्र साहू की मौजूदगी में हुई इस बैठक में फ्लिपकार्ट, अमेज़न, मीशो, शैडोफैक्स, एक्सप्रेसबीज़ और डीटीडीसी जैसी प्रमुख डिलीवरी सेवाओं के प्रतिनिधियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चाकू, गुप्ती, एयरगन या किसी भी संदिग्ध पार्सल पर कड़ी निगरानी रखी जाए। विशेष रूप से यदि कोई नाबालिग या संदिग्ध व्यक्ति बार-बार ऐसे सामान मंगवाता है, तो उसकी तुरंत सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाए और उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी अपराध में ऑनलाइन मंगाया गया हथियार इस्तेमाल होता है और जांच में कूरियर एजेंसी की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

