​रायपुर। शहर में सुरक्षित, अनुशासित और सुगम यातायात व्यवस्था की नींव मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने जनसहभागिता का नया खाका तैयार किया है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में आज यातायात सभागार में शहर के प्रमुख स्वयंसेवी संगठनों (एनजीओ) के साथ एक विशेष समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।

​बैठक को संबोधित करते हुए डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने स्पष्ट किया कि सुगम यातायात का लक्ष्य केवल पुलिस की सख्ती से हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी स्कूल प्रबंधनों और अभिभावकों के साथ बैठकें, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक, विद्यालयों में जागरूकता अभियान और स्कूल बसों की तकनीकी जांच जैसे कदम उठाए गए हैं। अब एनजीओ के साथ मिलकर इन अभियानों को व्यापक स्तर पर शहर के स्कूलों, कॉलेजों, व्यस्त बाजारों और रिहायशी इलाकों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि नागरिक नियमों को जिम्मेदारी समझकर अपनाएं।

​बैठक में सामाजिक संगठनों से आए सुझावों पर भी गंभीर मंथन हुआ। डीसीपी ट्रैफिक ने भरोसा दिलाया कि जनता से प्राप्त सभी व्यावहारिक सुझावों का परीक्षण कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा।

​इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (प्रोटोकॉल) श्री पीतांबर पटेल तथा सहायक पुलिस आयुक्त श्रीमती स्नेहिल साहू, श्री रमेश येरेवार, श्री सतीश ठाकुर एवं श्रीमती सीमा अहिरवार सहित करीब 30 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version