नरहरपुर। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘उजियारा अभियान’ के तहत मादक पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में थाना नरहरपुर और दुधावा चौकी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर 67 किलो से अधिक अवैध गांजा जप्त किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर भारतमाला रोड पर संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, जिसे चालक ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए ग्राम डिब्बीपानी के पास दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गया।

​वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को तीन बोरियों में भरा 67.380 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 33.69 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के साथ ही 10 लाख रुपये मूल्य की क्रेटा कार और दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद किए हैं। इस पूरी कार्यवाही में कुल 43.69 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया गया है। फरार चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

​इस सफल कार्यवाही में उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल, चौकी प्रभारी योगेंद्र वर्मा, उप निरीक्षक प्रेम शंकर ठाकुर, सउनि बुधारू राम मरकाम, पल्टु राम मंडावी और गौतम बिसेन सहित आरक्षक राजेश्वर सलाम, देवेंद्र नेताम, डोमार मरकाम, मिथलेश कोटपरिहा, महेश कोरेटी, राजेश भास्कर व नंदकुमार वट्टी की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर जरूर दें।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version