रायपुर। राजधानी के थाना सरस्वती नगर क्षेत्र अंतर्गत सतनामी पारा कोटा में हुई महेश धृतलहरे की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

​डीसीपी (वेस्ट जोन) श्री रोबिनसन गुड़िया के निर्देशन तथा एडीसीपी श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में सरस्वती नगर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर इस खूनी वारदात की गुत्थी को सुलझा लिया।

​घटना 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात की है, जहां आपसी विवाद के चलते आरोपी तुषार महिधर उर्फ बाउ (19 वर्ष) और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका (25 वर्ष) ने महेश धृतलहरे पर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर हालत में महेश को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​मृतक के भाई राजेन्द्र धृतलहरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपराध दर्ज किया और विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी और ईंट बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​रायपुर पुलिस वेस्ट जोन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की त्वरित और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version