डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी। जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी पतरस बड़ा के मार्गदर्शन में वृत्त शहपुरा क्षेत्र में शिकायतों के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 9 प्रकरण दर्ज कर 29 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब, 54 पाव देशी मदिरा और 10 पाव विदेशी मदिरा जब्त की गई। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 11 हजार 450 रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम कठौतिया में कार्रवाई करते हुए सुदर्शन बर्मन के कब्जे से 6 पाव रॉयल सिलेक्ट और 6 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद की। इसी गांव में कुंजीलाल साहू से 4 पाव रॉयल सिलेक्ट रम और 6 पाव देशी मदिरा मसाला तथा सुरेंद्र कुमार की किराना दुकान से 17 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई।
ग्राम सूडगांव में संतोष कुमार के कब्जे से 10 लीटर और इंदिया बाई की किराना दुकान से 6 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद हुई। वहीं ग्राम कनेरी में संजू प्रसाद से 7 लीटर तथा तामेश्वर परस्ते से 6 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
इसके अलावा विशाल यादव के कब्जे से 10 पाव तथा ग्राम पिंडरई माल में धूप सिंह वाटिया से 15 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
आबकारी विभाग ने सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान ग्राम सारसडोली में सुखसेन सिंह तथा ग्राम कठौतिया में श्रीराम साहू की दुकानों की पंचों के समक्ष विधिवत तलाशी भी ली गई। दोनों स्थानों पर आबकारी से संबंधित कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। इस पर मौके पर धारा 54 के तहत खाली तलाशी पंचनामा तैयार किया गया।
शराब दुकानों का भी आकस्मिक निरीक्षण
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ आबकारी विभाग की टीम ने विदेशी-देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान शहपुरा-1 और शहपुरा-2 का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। विभाग की इस कार्रवाई से सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का भी निराकरण किया गया।
कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक सम्हर सिंह धुर्वे, आबकारी आरक्षक करिशमा सलामे, यमन बरावी, सुनील कुमार डोगरे, नगर सैनिक तोक सिंह मरावी तथा वाहन चालक कुलदीप उइके शामिल रहे। विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
