डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
अस्पताल परिसर के एक हिस्से में कार्रवाई, बाकी क्षेत्रों में अनदेखी का आरोप
डिंडौरी जिले के शहपुरा नगर मे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा परिसर के बाहर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान पर अब सवाल उठने लगे हैं। तहसील राजस्व, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद प्रभावित छोटे व्यापारियों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। अस्पताल प्रांगण के बाहर तहसील रोड पर स्थित टपरी और गुमटी हटाने की कार्रवाई से नाराज व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन ने केवल छोटे और रोजमर्रा का व्यवसाय करने वालों को ही निशाना बनाया है, जबकि अन्य स्थानों पर वर्षों से जमे अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जा रहा है।
व्यापारी दिनेश साहू सहित अन्य लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल की बाउंड्री के बाहर छोटे व्यापारियों की टपरी-गुमटियां हटाई गईं, लेकिन अस्पताल परिसर के रेस्ट हाउस रोड सहित अन्य हिस्सों में लंबे समय से अतिक्रमण करने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन उन लोगों पर मेहरबान है और उनके खिलाफ जानबूझकर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
व्यापारियों में इस चयनात्मक कार्रवाई को लेकर खासा आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाना है, तो पूरे क्षेत्र में एक समान कार्रवाई होनी चाहिए, न कि केवल कमजोर और छोटे व्यापारियों पर ही कार्रवाई की जाए।
मांग और नाराजगी:
व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल परिसर के चारों ओर फैले सभी अवैध अतिक्रमणों को हटाया जाए और कार्रवाई में पारदर्शिता व निष्पक्षता बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसी तरह भेदभावपूर्ण कार्रवाई जारी रही, तो वे विरोध करने को मजबूर होंगे।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मंशा के बीच यदि कार्रवाई पर भेदभाव के आरोप लगते हैं, तो यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल शहपुरा में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है।

