IPL सट्टे पर दुर्ग पुलिस का बड़ा एक्शन: क्रेटा कार में घूम-घूमकर खिला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, 3 गिरफ्तार

भिलाई/जामुल | दुर्ग पुलिस ने आईपीएल (IPL) मैचों के दौरान सक्रिय ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना जामुल और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने रविवार को खेदामारा क्षेत्र में दबिश देकर तीन सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी “BET BHAI 9” नामक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लाखों का दांव लगवा रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर नहर किनारे घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम खेदामारा के पास नहर किनारे मैदान में कुछ युवक संदिग्ध रूप से मोबाइल के जरिए सट्टा खेल रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे और क्रेटा कार व स्कूटी का उपयोग कर घूम-घूमकर सट्टा संचालित कर रहे थे।

लाखों का लेनदेन और वाहन जप्त

पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल खंगालने पर पुलिस को चौकाने वाले आंकड़े मिले हैं। प्राथमिक जांच में 2.5 लाख से 3 लाख रुपये तक के ऑनलाइन लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की हैं:

मोबाइल: iPhone 14 Pro Max समेत 3 हाई-एंड स्मार्टफोन।

वाहन: एक क्रेटा कार (CG 07 BF 5311) और एक मेस्ट्रो स्कूटी (CG 07 CG 7551)।

कुल जप्ती: लगभग 4,06,000 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी जामुल क्षेत्र के ही निवासी हैं:

डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28 वर्ष), निवासी- मठपारा

कुलेश्वर पटेल (28 वर्ष), निवासी- खेदामारा

दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23 वर्ष), निवासी- गणेश नगर

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

जामुल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 220/2026 पंजीबद्ध किया है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टे और अवैध जुए के प्रलोभन से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version