डिंडौरी मध्यप्रदेश 

रिपोर्ट अखिलेश झारिया 

 

IGNTU मे भव्य शोभायात्रा के साथ मनाई गई बाबा साहब अंबेडकर जयंती

 

डिण्डौरी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को एवं डिण्डौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम उपस्थित रहे। आयोजन की अगुवाई एनएसयूआई के अध्यक्ष वेद प्रकाश अहिरवार द्वारा की गई।

 

जयंती समारोह की शुरुआत ग्राम पोडकी से लालपुर तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय नागरिक शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान बाबा साहब के विचारों का प्रचार-प्रसार किया गया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

 

शोभायात्रा के विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर आंबेडकर पार्क में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनजातीय लोक नृत्य, प्रेरणादायी भाषण, गीत-संगीत एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान बाबा साहब के विचारों—शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय—को आत्मसात करने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave A Reply

Exit mobile version