फिरोजाबाद
साइबर सेल का सराहनीय कार्य ठगी के 79 हजार रुपये पर लगवाया लियन (होल्ड)
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में फिरोजाबाद पुलिस साइबर अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम मे साइबर सेल फिरोजाबाद ने एक पीड़ित को बड़ी राहत देते हुए ठगी गई 79 हजार रुपये की रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है
पीड़ित शहजाद अहमद निवासी जनपद फिरोजाबाद ने साइबर सेल को बताया कि 15 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताया और इमरजेंसी में पैसों की जरूरत होने की बात कही।
रिश्तेदार की आवाज सुनकर शहजाद उसकी बातों में आ गए और अलग-अलग ट्रांजेक्शन से कुल 79,000 रुपये उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब उस नंबर पर दोबारा फोन किया तो फोन बंद आने लगा, तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है।
कैसे मिला पैसा वापस?
पीड़ित ने तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) – http://www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल फिरोजाबाद की टीम एक्टिव हो गई।
साइबर टीम ने तुरंत संबंधित बैंकों और पेमेंट गेटवे से संपर्क किया और ठगी की रकम को ट्रेस किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने ठग के खाते में पड़ी पूरी 79,000 रुपये की रकम पर लियन (होल्ड) लगवा दिया, जिससे ठग उस पैसे को आगे नहीं निकाल पाया। अब कोर्ट की विधिक प्रक्रिया के बाद यह पैसा पीड़ित को वापस लौटा दिया जाएगा।
SSP फिरोजाबाद ने बताया कि साइबर ठगी होने पर सबसे जरूरी है पहले 1 घंटे में, जिसे गोल्डन ऑवर कहते हैं, शिकायत करना। जितनी जल्दी 1930 पर कॉल करेंगे, पैसा वापस आने के चांस उतने ही ज्यादा हैं।
पुलिस की अपील –
फिरोजाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है –
1. अनजान लिंक और APK फाइल पर क्लिक न करें।
2. कोई भी रिश्तेदार बनकर पैसा मांगे तो पहले वीडियो कॉल कर कन्फर्म करें।
3. OTP, UPI PIN किसी को न बताएं।
4. ठगी होते ही तुरंत 1930 पर कॉल करें।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा फिरोजाबाद






