18 सितंबर को सात दिवसीय नोटिस जारी कर मामले को भूल गए तहसीलदार, समयसीमा खत्म होने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
तहसीलदार से एसडीएम, एसडीएम से जिला स्तर और फिर हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला, अब दोबारा तहसीलदार के पास आकर अटका
स्लीमनाबाद। ग्राम हरदुआ स्थित सैनिक छावनी के नाम दर्ज सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई नहीं होने को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह है कि तहसीलदार स्लीमनाबाद द्वारा 18 सितंबर 2026 को संबंधित कब्जाधारियों को सात दिवसीय नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस की निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी मौके पर कार्रवाई नहीं होने से मामला अधर में लटका हुआ है।
सैनिक छावनी के नाम दर्ज है 2.72 हेक्टेयर भूमि
तहसीलदार कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार ग्राम हरदुआ, पटवारी हल्का नंबर 14 स्थित खसरा नंबर 54 की 2.72 हेक्टेयर भूमि मध्यप्रदेश शासन के नाम पर ‘मद सैनिक छावनी’ के रूप में दर्ज है। नोटिस में उल्लेख है कि भूमि के एक हिस्से पर शकील खान पिता स्वर्गीय कुद्दूस खान, मोहम्मद साफी पिता स्वर्गीय शेख बाबू और नसीम शाह पिता रमजान शाह सहित अन्य लोगों द्वारा तार फेंसिंग कर कब्जा किया गया था।
तहसील से हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
मामले में तहसील न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 0018/अ-68/2025-26 दर्ज हुआ था। न्यायालय द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत संबंधित अतिक्रमणकारियों को भूमि से बेदखल किए जाने का आदेश पारित किया गया था।
इसके बाद संबंधित पक्षों ने अनुविभागीय अधिकारी बहोरीबंद के न्यायालय में अपील क्रमांक 0139/अपील/2025-26 प्रस्तुत की। इस अपील का 26 नवंबर 2025 को निराकरण करते हुए अधीनस्थ न्यायालय के आदेश में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया गया और अपील निरस्त कर दी गई।
इसके बाद मामला मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर पहुंचा। संबंधित पक्षों द्वारा Writ Petition No. 49345/2025 दायर की गई थी। नोटिस में दर्ज जानकारी के अनुसार उच्च न्यायालय ने 17 अगस्त 2026 को अंतिम आदेश पारित करते हुए रिट याचिका निरस्त कर दी।
हाईकोर्ट के बाद तहसीलदार ने जारी किया सात दिवसीय नोटिस
हाईकोर्ट से रिट याचिका निरस्त होने के बाद तहसीलदार स्लीमनाबाद द्वारा 18 सितंबर 2026 को सात दिवसीय नोटिस जारी किया गया। नोटिस में संबंधित पक्षों को निर्देशित किया गया कि वे उक्त भूमि से अपना कब्जा स्वयं हटाकर अपना जवाब न्यायालय में प्रस्तुत करें। साथ ही निर्धारित अवधि में कब्जा नहीं हटाने की स्थिति में प्रशासन द्वारा बेदखली की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
सात दिवसीय नोटिस जारी कर मामले को भूल गए तहसीलदार!
नोटिस में सात दिन के भीतर कार्रवाई की स्पष्ट बात होने के बावजूद निर्धारित समयसीमा गुजर चुकी है, लेकिन जमीन से कब्जा हटाने की कार्रवाई अब तक सामने नहीं आई है। इसी को लेकर अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि तहसीलदार ने सात दिवसीय नोटिस जारी करने के बाद मामले को जैसे भूल ही गए हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब मामला राजस्व न्यायालय से लेकर एसडीएम न्यायालय और हाईकोर्ट तक जा चुका है तथा हाईकोर्ट में दायर याचिका भी निरस्त हो चुकी है, तो अब प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि आखिर नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई के लिए प्रशासन को और कितना समय चाहिए।
5 अक्टूबर तक कार्रवाई का दिया था अल्टीमेटम
मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से प्रशासन को 5 अक्टूबर तक कार्रवाई का समय दिया गया था। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि निर्धारित समय तक यदि प्रशासन द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है तो वे एक बार फिर तहसीलदार स्लीमनाबाद से मुलाकात कर मामले की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे।
कार्यकर्ताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी कार्रवाई में कोई ठोस प्रगति नहीं होती है तो पूर्व में दिए गए अल्टीमेटम के अनुसार तहसील कार्यालय के घेराव एवं चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।
न्यायालयीन कार्यवाही में समय लगने का तहसीलदार का जवाब
वहीं मामले को लेकर तहसीलदार स्लीमनाबाद की ओर से बताया गया कि प्रकरण न्यायालयीन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है और नियमानुसार कार्रवाई में समय लग रहा है। प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया जारी होने की बात कही गई है।
अब कार्रवाई पर टिकी नजर
एक ओर न्यायालयों में मामले की लंबी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन द्वारा जारी सात दिवसीय नोटिस की समयसीमा भी समाप्त हो चुकी है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सैनिक छावनी के नाम दर्ज सरकारी भूमि से कब्जा आखिर कब हटेगा?
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भी नजर बनी हुई है। 5 अक्टूबर की समयसीमा के बाद संगठन की अगली रणनीति क्या होगी और प्रशासन कब तक मौके पर कार्रवाई करता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।







