डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी जिले में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित ‘वीबी जी राम जी’ योजना के कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए भारत सरकार के केंद्रीय दल ने तीन दिवसीय दौरा किया। 12 से 14 अक्टूबर तक चले निरीक्षण के दौरान दल ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं की प्रगति और हितग्राहियों की सहभागिता का जायजा लिया। इस दौरान कंटूर ट्रेंच, खेत तालाब, प्रधानमंत्री आवास, कपिलधारा कूप, पौधरोपण सहित कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया।
केंद्रीय दल में सहायक आयुक्त दीक्षा सुप्याल बिष्ट एवं परियोजना अधिकारी रेखा पी.एस. शामिल रहीं। दल के साथ भोपाल स्थित विकास आयुक्त कार्यालय से कार्यपालन यंत्री अनुग्रह सिंह तथा सहायक लेखाधिकारी यशवंत मिस्त्री भी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट में समीक्षा, फिर गांवों में पहुंचकर किया निरीक्षण
भ्रमण के पहले दिन कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजना के अंतर्गत जिले में संचालित निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद केंद्रीय दल ने विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत घानाघाट पहुंचकर कंटूर ट्रेंच, गली प्लग, गैवियन, खेत तालाब, वसुधा वंदन और कोदो-कुटकी प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण किया।
दल ने ग्राम पंचायत औरई के ग्राम धौरई में ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के तहत हितग्राही पंचवती धूमकेती द्वारा किए जा रहे पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण की जानकारी भी ली। हितग्राही ने बताया कि उन्होंने अपनी रुचि से पौधों और पोल फेंसिंग की व्यवस्था की है। जनपद स्तरीय अमले के मार्गदर्शन में पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जा रही है। दल ने कार्य की गुणवत्ता और हितग्राही की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
हिनौता माल और बरगांव में आवास व जल संरक्षण कार्यों की पड़ताल
निरीक्षण के दूसरे दिन 13 अक्टूबर को दल ने विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत हिनौता माल में कंटूर ट्रेंच, बोल्डर चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), नंदन फलोद्यान और कपिलधारा कूप के प्रगतिरत कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान श्रमिकों से चर्चा कर योजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
इसके बाद विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत बरगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और कंटूर ट्रेंच के कार्यों का निरीक्षण किया गया। वहीं, विकासखंड करंजिया की ग्राम पंचायत पाटनगढ़ में दल ने गोंडी पेंटिंग का अवलोकन किया और स्थानीय कलाकारों की पारंपरिक कला की सराहना की।
चांड़ा में पीएम जनमन आवास का लिया जायजा
भ्रमण के अंतिम दिन 14 अक्टूबर को केंद्रीय दल विकासखंड बजाग की ग्राम पंचायत चांड़ा पहुंचा। यहां प्रधानमंत्री जनमन आवास और बोल्डर चेक के प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया गया। दल ने निर्माण कार्यों की स्थिति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी गतिविधियों को देखा।
तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान केंद्रीय दल ने जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ ग्रामीणों और हितग्राहियों की सहभागिता पर भी ध्यान दिया गया।







