सतना मध्य प्रदेश
सतना 16 सितम्बर 2026/जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं जनसुविधाओं के पुनर्बहाली कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नेतृत्व में राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वेक्षण और राहत कार्यों में जुटी हैं। जिले में 16 सितंबर 2026 तक 7744 प्रभावित परिवार के प्रकरणों में 3 करोड़ 74 लाख 40 हजार 300 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर वितरित की जा रही है। चित्रकूट-मझगवां क्षेत्र में बाढ़ से अधिक प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई गई है। मझगवां-चित्रकूट क्षेत्र में 2225 प्रकरणों में 1 करोड 17 लाख 59 हजार 200 रुपये की सहायता वितरित हुई है। इनमें पानी भरने से राशन, कपड़े और बर्तन आदि की क्षति के 1755 प्रकरणों में 87 लाख 75 हजार रुपये, जबकि 463 मकानों की आंशिक क्षति के लिए 15 लाख 84 हजार 200 रुपये, पूर्ण मकान क्षति पर 5 प्रकरणों में 6 लाख रूपये की सहायता शामिल है। जिले की अन्य तहसीलों में भी प्रभावितों को आर्थिक सहायता दी गई है। रामपुर बाघेलान में 872 प्रकरणों में 52 लाख 35 हजार रूपये स्वीकृत किये गये है। जिनमें दो जनहानि के प्रकरणों में 8 लाख रूपये की सहायता भी शामिल है। तहसील नागौद में 438 प्रकरणों में 17 लाख 93 हजार 800 रूपये स्वीकृत किये गये है। जिनमें 1 जनहानि के प्रकरण में 4 लाख रूपये स्वीकृत किये गये है। तहसील कोठी में 756 प्रकरणों में 32 लाख 59 हजार रूपये की स्वीकृत की गई है। जिनमें 235 प्रकरण सामग्री क्षति के शामिल है। रघुराजनगर में 1015 प्रकरणों में 50 लाख 36 हजार 300 रूपये स्वीकृत किये गये हैं जिनमें जनहानि के 2 प्रकरण में 8 लाख रूपये स्वीकृत किये गये है। तहसील बिरसिंहपुर में 806 प्रकरणों में 28 लाख 81 हजार 400 रूपये, तहसील उचेहरा के 543 प्रकरणों में 21 लाख 90 हजार 600 रूपये तथा कोटर तहसील में 1089 प्रकरणों में 52 लाख 85 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के संसोधित प्रावधानों के अनुसार अब तक खाद्य, वस्त्र, सामग्री के नष्ट होने पर 3325 प्रकरणों में 1 करोड 66 लाख 25 हजार, आंशिक मकान क्षति पर 4498 प्रकरण में 1 करोड 74 लाख 15 हजार 300 रूपये, जनहानि के 8 प्रकरणों में 28 लाख रूपये, पूर्ण मकान क्षति होने पर 64 प्रकरणों में 6 लाख रूपये सहित कुल 7744 प्रकरण में 3 करोड 74 लाख 40 हजार 300 रूपये की सहायता स्वीकृत की गई है।
दिव्यांग सेवा एवं श्रमिक सम्मेलन 19 सितंबर को बीटीआई मैदान में
सतना 16 सितम्बर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों एवं श्रमिकों की सेवा और सहायता के उद्देश्य से दिव्यांग सेवा एवं श्रमिक सम्मेलन का आयोजन 19 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से सतना के बी.टी.आई. मैदान रीवा रोड में किया जाएगा। दिव्यांग सेवा एवं श्रमिक सम्मेलन का आयोजन उत्थान सेवा फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। आयोजक संस्था ने बताया कि 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ हो रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह वृहद सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वृहद सेवा कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के लिए सेवा एवं सहायता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड, अनुपमा एजुकेशन सोसायटी सतना तथा श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर का सहयोग दिया जा रहा है। 
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद पटेल मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता सांसद सतना और अन्य पिछडा वर्ग के कल्याण संबंधी संसदीय समिति के अध्यक्ष श्री गणेश सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, नागौद विधायक नागेन्द्र सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, रामपुर बाघेलान विधायक विक्रम सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, चित्रकूट विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह परिहार, सतना जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, मैहर जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी, नगर पालिक निगम सतना अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, ओएनजीसी दिल्ली के महाप्रबंधक नीरज बंसल तथा अनुपमा एजुकेशन सोसायटी की सचिव श्रीमती शैला-प्रमोद तिवारी की भी उपस्थिति रहेगी। 
19 सितंबर को कृषि उपज मंडी प्रांगण में होगा बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन
सतना 16 सितम्बर 2026/जिले में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन 19 सितंबर 2026 को कृषि उपज मंडी प्रांगण सतना में किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप में संपन्न कराने के लिए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा विभिन्न विभागों को आवश्यक व्यवस्थाओं और दायित्वों के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम में कृषकों को कृषि तकनीक, विभागीय योजनाओं और समसामयिक कृषि विषयों की जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी व्याख्यान भी दिए जाएंगे। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी, सहकारिता सहित संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। कृषकों के पंजीयन एवं साहित्य वितरण की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन
बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वर्चुअल संबोधन किया जायेगा। इसके लिए राष्ट्रीय सूचना केन्द्र को लिंक कनेक्टिविटी की टेस्टिंग तथा टू-वे कम्युनिकेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, टेंट व्यवस्था, ऑडियो-विजुअल सेटअप, प्रचार-प्रसार, ब्रांडिंग एवं संपूर्ण इवेंट मैनेजमेंट का कार्य शासकीय एजेंसी मध्यप्रदेश माध्यम भोपाल के माध्यम से कराया जाएगा। कार्यक्रम में 1500 कृषकों को स्थल तक लाने और वापस ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था के निर्देश क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को दिए गए हैं। कृषकों की उपस्थिति, आवागमन, सहभागिता, बैठक एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था के लिए कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का दल बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए ऊर्जा विभाग को निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम सतना द्वारा दो टैंकर पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। मंच सज्जा एवं अतिथियों के स्वागत के लिए फूल माला, बुके और गमलों की व्यवस्था उद्यानिकी विभाग करेगा।
कलेक्टर द्वारा बलराम कृषि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सहायक संचालक कृषि आर.एस. बागरी एवं सहायक संचालक कृषि लवकुश सिंह को सहायक समन्वय अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल की अधोसंरचना, मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी एवं स्टॉल, कृषक पंजीयन, साहित्य वितरण, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करते हुए बलराम कृषि महोत्सव के सफल एवं सुचारू आयोजन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशांत त्रिपाठी ब्यूरो सतना






