जिला कांग्रेस की प्रेसवार्ता में केंद्र व राज्य सरकार से रोजगार, किसान, महंगाई और वादों पर मांगा जवाब
गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखे सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा एवं बिन्द्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि सरकार जहां इसे सेवा और समर्पण से जोड़ रही है, वहीं जनता के सामने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की आय और वादों के क्रियान्वयन से जुड़े सवाल अब भी खड़े हैं।
कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा संकल्प के रूप में मनाने के साथ जनता की समस्याओं पर भी चर्चा जरूरी है। पार्टी ने रोजगार, महंगाई, किसानों की आय दोगुनी करने, एमएसपी, नोटबंदी, जीएसटी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और छोटे कारोबारियों की परेशानियों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में ‘मोदी की गारंटी’ के तहत किए गए सरकारी नौकरी, ₹500 गैस सिलेंडर, बेरोजगारी भत्ता, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण, बिजली बिल हाफ और किसानों से जुड़े वादों पर भी प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल किया कि अच्छे दिन कब आएंगे, महंगाई कब कम होगी, युवाओं को रोजगार का वास्तविक आंकड़ा क्या है, किसानों की आय दोगुनी हुई या नहीं और चुनावी वादों का कितना क्रियान्वयन हुआ?
कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के कामकाज का मूल्यांकन जनता की रोजमर्रा की जिंदगी से होता है। इसलिए रोजगार, महंगाई, किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य और कारोबार से जुड़े सवालों का जवाब राजनीतिक दावों से नहीं, बल्कि ठोस आंकड़ों के साथ दिया जाना चाहिए।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद







