डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
नर्मदा डेम घाट पर प्रज्ज्वलित हुए 21 हजार दीप, सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर जिलेभर में दिखी जनभागीदारी
डिंडौरी। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार शाम 7 बजे डिंडौरी जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित नर्मदा डेम घाट से लेकर ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों तक करीब 5 लाख 3 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। एक साथ लाखों दीपों की रोशनी से जिले के विभिन्न सार्वजनिक और धार्मिक स्थल जगमगा उठे।
जिला मुख्यालय स्थित नर्मदा डेम घाट पर कार्यक्रम का प्रमुख आयोजन हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों की मौजूदगी में करीब 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से नर्मदा तट का दृश्य आकर्षक नजर आया। आयोजन के माध्यम से सेवा, सहभागिता और विकास का संदेश देने का प्रयास किया गया।
हितग्राहियों के घरों से सार्वजनिक स्थलों तक जले दीप
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही परिवारों के घरों के साथ ही प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर दीप जलाए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास कॉलोनियों, अमृत सरोवर एवं अन्य जल संरचनाओं, प्रमुख चौराहों, नवनिर्मित अधोसंरचनाओं, जन औषधि केंद्रों, आयुष्मान अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भागीदारी की। प्रशासन के अनुसार जिलेभर में करीब 5 लाख 3 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजन को ‘सेवा से संकल्प, जनभागीदारी से विकास’ की अवधारणा से जोड़ा गया।
जनभागीदारी से सेवा और विकास का संदेश
प्रशासन के मुताबिक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के जीवन में आए बदलाव और जिले में हुए विकास कार्यों को दीपों की रोशनी के माध्यम से प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित करना था। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नर्मदा डेम घाट पर आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, एमपीआरडीसी प्रमुख सचिव भरत यादव, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य ज्योति प्रकाश धुर्वे और रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।







