भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा प्रहार” — अजय अवस्थी
शहडोल।देशभर में छात्रों के साथ हो रहे कथित अन्याय तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं वरिष्ठ नेताओं पर पुलिस बल प्रयोग के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर के सामने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग अत्यंत अमानवीय व लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में खड़े जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करना सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है और यह लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है। लाठीचार्ज और दमनात्मक कार्रवाई की जगह सरकार को संवाद से समाधान निकालना चाहिए। राष्ट्रपति से मांग की गई है कि इस पूरी बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, नीरज द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, अनुज मिश्रा, मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, राजीव शर्मा, प्रभात पाण्डेय, प्रीतेश द्विवेदी, अनुपम गौतम, सौरभ तिवारी, संध्या सिंह, प्रमोद जैन सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अजय पाल






