देहात पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा, 1 किलो 75 ग्राम गांजा बरामद; पूर्व में भी गांजा तस्करी सहित चोरी और मारपीट के मामले दर्ज
छिंदवाड़ा। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा मादक पदार्थों की रोकथाम एवं तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 75 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की थी।
6 नवंबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनगर कॉलोनी निवासी रोहन कनौजिया बीटीआई ग्राउंड स्थित पानी की टंकी के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 75 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी गांजा तस्करी के मामले में दर्ज है अपराध
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रोहन पिता राकेश कनौजिया (24 वर्ष), निवासी शिवनगर कॉलोनी, थाना कोतवाली छिंदवाड़ा के विरुद्ध करीब एक वर्ष पूर्व थाना कोतवाली में गांजा तस्करी का मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा थाना कुंडीपुरा में चोरी एवं मारपीट से संबंधित अपराध भी पंजीबद्ध हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, सउनि सुरेंद्र प्रताप यादव, आरक्षक सौरभ, सूरज चौहान, बृजेश पाल, शेरसिंह रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
ब्यूरो पुलिसवाला छिंदवाड़ा- अमित मिश्रा







