नीमच पुलिस की एडवायजरी जारी, एसपी राजेश व्यास और एएसपी हेमलता अग्रवाल ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
नीमच। दीपावली का त्योहार खुशियों, रोशनी और खरीदारी का पर्व है। त्योहार के दौरान जहां बाजारों में रौनक रहती है, वहीं साइबर अपराधी भी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग में भारी छूट, आकर्षक रिचार्ज ऑफर, कैशबैक, गिफ्ट और फर्जी लिंक के माध्यम से साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए नीमच पुलिस ने आम नागरिकों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा एडवायजरी जारी की है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में नीमच पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की गई है कि दीपावली के उत्साह में किसी भी अनजान लिंक, फर्जी ऑफर अथवा संदिग्ध मोबाइल एप्लीकेशन के झांसे में न आएं।
ऑनलाइन शॉपिंग में भारी छूट के नाम पर हो सकती है ठगी
साइबर अपराधी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर आकर्षक छूट वाले फर्जी विज्ञापन एवं वेबसाइट लिंक भेजते हैं। सस्ते सामान और भारी डिस्काउंट का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन भुगतान कराया जाता है। ऐसे में खरीदारी हमेशा विश्वसनीय एवं अधिकृत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ही करें। अनजान वेबसाइट पर अपनी बैंकिंग जानकारी या भुगतान संबंधी विवरण साझा न करें।
फर्जी रिचार्ज और कैशबैक ऑफर से रहें सतर्क
₹100, ₹200 और ₹500 जैसे आकर्षक कैशबैक एवं डबल रिचार्ज ऑफर के नाम पर साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। किसी भी अनजान लिंक के माध्यम से रिचार्ज न करें। रिचार्ज केवल संबंधित कंपनी के आधिकारिक एप या विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से ही करें।
APK फाइल डाउनलोड करना पड़ सकता है भारी
‘Diwali Gift’, ‘Special Offer’, ‘Coupon’ और ‘App Update’ के नाम से भेजी जाने वाली APK फाइलों को डाउनलोड करने से बचें। ऐसी संदिग्ध फाइलों में मालवेयर हो सकता है, जिसके माध्यम से साइबर अपराधी मोबाइल का डेटा, बैंकिंग संबंधी जानकारी और ओटीपी तक हासिल कर सकते हैं। मोबाइल में एप्लीकेशन केवल Google Play Store या आधिकारिक एप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
नीमच पुलिस ने नागरिकों से की ये अपील
– किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
– अपना OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
– वेबसाइट का URL अच्छी तरह जांचने के बाद ही भुगतान करें।
– लालच भरे ऑफर, गिफ्ट, लॉटरी और कैशबैक मैसेज से सावधान रहें।
– मोबाइल में एंटीवायरस एवं सिक्योरिटी अपडेट रखें।
– किसी भी संदिग्ध लेन-देन की तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
नीमच पुलिस ने स्पष्ट अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।
एसपी राजेश व्यास एवं एएसपी हेमलता अग्रवाल की अपील है कि दीपावली का त्योहार सावधानी और सुरक्षा के साथ मनाएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।
सतर्कता ही सुरक्षा है। ऑनलाइन रहें, लेकिन सुरक्षित रहें।
जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत नीमच ✍️







