रायपुर पुलिस द्वारा भारी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थों का विनष्टीकरण, सिलतरा के पावर प्लांट में धधकती भट्ठियों में खाक हुआ नशा
रायपुर: राजधानी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट (नॉर्थ जोन) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त भारी मात्रा में मादक पदार्थों को नष्ट किया। शुक्रवार को सिलतरा स्थित जायसवाल निको कंपनी के पावर प्लांट में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में इन प्रतिबंधित पदार्थों को भट्ठी में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
नष्टीकरण की यह प्रक्रिया केंद्र सरकार और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित कमेटी के सदस्य अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम काम्बले (भा.पु.से.), पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.), उपायुक्त आबकारी श्री राजेश कुमार शर्मा और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आकाश मरकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही थाना प्रभारी खम्हारडीह सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे (भा.पु.से.), निरीक्षक रोहित मालेकर (थाना प्रभारी उरला) और निरीक्षक बी.एल. चन्द्राकर (थाना प्रभारी गुढ़ियारी) की देखरेख में पूरी कार्यवाही पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
पुलिस प्रशासन ने नॉर्थ जोन के अंतर्गत आने वाले थानों के कुल 52 प्रकरणों से संबंधित सामग्री को नष्ट किया। इसमें 272.027 किलोग्राम गांजा, 2.150 किलोग्राम डोडा, 484.49 ग्राम अफीम और 37.839 ग्राम हेरोइन शामिल थी। इसके अलावा नशीली दवाओं के खिलाफ कार्यवाही में जब्त की गई 5036 नग प्रतिबंधित टैबलेट व कैप्सूल और 545 शीशी नशीली सिरप को भी पर्यावरण विभाग की अनुमति के बाद सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए फर्नेस में डालकर नष्ट कर दिया गया। रायपुर पुलिस की इस कार्यवाही का उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना और जब्त नशीली सामग्रियों के दुरुपयोग की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







