शहडोल मध्य प्रदेश

शहडोल जिले में मानव सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है, जहां समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता ने 37वीं बार रक्तदान कर एक महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय में भर्ती महिला का ब्लड लेवल अचानक बेहद कम हो जाने से उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। डॉक्टरों ने तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई, लेकिन परिजन समय पर व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे। ऐसे संकटपूर्ण समय में श्रीकांत गुप्ता को फोन के माध्यम से जानकारी मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया और महिला को नया जीवन देने में सहयोग किया। उनकी इस तत्परता और संवेदनशीलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्ची सेवा वही है, जो जरूरत के समय बिना किसी स्वार्थ के की जाए।
श्रीकांत गुप्ता न केवल एक सक्रिय समाजसेवी हैं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के सोहागपुर मंडल में मंत्री एवं शक्ति केंद्र प्रभारी के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनका यह 37वां रक्तदान उनके निरंतर समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने अपने कार्यों से यह संदेश दिया है कि रक्तदान महादान है और इससे किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है। उनकी इस पहल से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और अन्य लोग भी रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे। ऐसे निस्वार्थ सेवाभाव रखने वाले व्यक्तित्व समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत होते हैं, जो कठिन समय में आशा की किरण बनकर सामने आते हैं।

अजय पाल

Leave A Reply

Exit mobile version