जनदर्शन बना समाधान का माध्यम
250 से अधिक आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही से बढ़ा भरोसा
एडीएम ने सुनी आमजनों की मांगें एवं समस्याएं
मुंगेली, 07 अप्रैल 2026// जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित होने वाला जनदर्शन के माध्यम से आमजनों की समस्याओं को न केवल सुनी जा रही है, बल्कि उनके समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी कार्यवाही भी की जा रही है। इससे जनता का विश्वास और मजबूत हो रहा है तथा शासन की जनहितकारी नीतियां जमीनी स्तर पर सार्थक रूप से क्रियान्वित हो रही हैं। जनदर्शन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त मंच बनता जा रहा है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने बड़ी संवेदनशीलता के साथ आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनदर्शन में 250 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जो यह दर्शाता है कि आमजन अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पर भरोसा जता रहे हैं। विभिन्न गांवों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं। ग्राम कोदवाबानी के राकेश कुमार ने पुस्तैनी जमीन के बंटवारे की मांग रखी, वहीं ग्राम पीपरखुंटा के सोमनाथ बंजारे ने गांव में विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की आवश्यकता बताई। ग्राम देवरी के सुखम पटेल ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण की मांग की, जबकि ग्राम डोड़ा के मलेश यादव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम पंडरभट्ठा के संजय साहू ने आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधार की मांग की, वहीं ग्राम जरहागांव के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130 में निर्मित नाली की मरम्मत कराने की समस्या रखी। जनदर्शन में उपस्थित अधिकारियों ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली
