धमतरी: 10 गोवंश को क्रूरतापूर्वक ट्रक में भरकर ले जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख का मशरूका जब्त।
मरौद टोल प्लाजा के पास कुरुद पुलिस की कार्रवाई, बिलासपुर और कोरबा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने गोवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुरुद पुलिस ने मरौद टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए छह चक्का ट्रक से 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। पुलिस ने ट्रक और गोवंश सहित कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक में 10 गायों को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर और पर्याप्त दाना-पानी के बिना ले जाते हुए पाया गया। पुलिस को गोवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका भी थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया और ट्रक में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38 वर्ष), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर, तथा मिथलेश पटेल (22 वर्ष), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा, के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
जब्त मशरूका में 5 लाख रुपये कीमत की 10 गायें और 15 लाख रुपये कीमत का छह चक्का ट्रक शामिल है। कुल जब्ती की कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
रिपोर्टर: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़
