रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई, एक रात में 40 शराबी चालक पकड़े गए।
09 प्रमुख चौक-चौराहों पर चला जांच अभियान, वर्ष 2026 में अब तक 4,132 मामलों में कार्रवाई।
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में 25 अक्टूबर की रात शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने पर 40 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने इनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 53 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कार, टाटा एस पिकअप, ई-रिक्शा, मेटाडोर और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 4,132 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से लगातार जारी है।
यातायात पुलिस की अपील।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में वैकल्पिक परिवहन साधनों का उपयोग करें या किसी नशामुक्त चालक की मदद लें। नशे में वाहन चलाने से चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़।
