फिरोजाबाद
05 सितम्बर को अश्वनी कुमार जैन को गोरखपुर में मिलेगा राज्य अध्यापक पुरस्कार
फिरोजाबाद:- राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज फिरोजाबाद के नागरिक शास्त्र के प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान प्रदान करने के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार से योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा 05 सितम्बर को प्रदान किया जाएगा। यह जनपद के माध्यमिक शिक्षा विभाग के राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम शिक्षक हैं, जिसके कारण यह माध्यमिक शिक्षा विभाग लिए हर्ष का विषय है।
अश्वनी कुमार जैन पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से शिक्षण कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 03 अप्रैल 2006 से श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज में सहायक अध्यापक विज्ञान के पद पर सेवाएं प्रारंभ की थीं, तदुपरांत उनकी पदोन्नति नागरिक शास्त्र प्रवक्ता पद पर की गई। अश्वनी कुमार जैन ने अपने दीर्घ शिक्षण में विद्यार्थियों को रुचिकर शैली में पढ़ाने के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यार्थियों के अन्दर रचनात्मता, क्रियाशीलता, तार्किक क्षमता, जिज्ञासा और नवाचार में अनवरत वृद्धि करने के लिए कार्य किए हैं।
जैन ने नागरिक शास्त्र विषय को रुचिकर बनाने एवं उसमें नवाचार करने हेतु जनपद के प्रथम नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का निर्माण, संविधान प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज, संविधान पोस्टर प्रतियोगिता, पैनल बोर्ड से वीडियो के माध्यम से अध्ययन, संसद की कार्यवाहियों को पैनल बोर्ड के माध्यम से दिखाकर उन्हें संसद की जानकारी प्रदान करना, टी एल एम से विद्यार्थियों को अध्ययन, न्यून अधिगम के विद्यार्थियों का चिन्हांकन एवं उपचारात्मक शिक्षण, आईसीटी के प्रयोग को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ा है। उनका उद्देश्य नागरिक शास्त्र विषय को प्रशासनिक तैयारियों के साथ मनोरंजन एवं ज्ञानवर्धक रूप से विद्यार्थी स्वंय को तैयार कर सकें। उनका सदैव यह प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रायोगिक और सृजनात्मक अनुभव मिल सके। उनका मानना है कि विद्यार्थियों को केवल किताबें पढ़ाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना भी है।
नागरिक शास्त्र विषय के साथ जैन द्वारा विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं में योगदान, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालक की भूमिका का निर्वहन, नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्राण्ड एम्बेसडर की भूमिका में स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन, वृक्षारोपण कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम, आजादी का अमृत महोत्सव, विद्यार्थियों को संसद, चुनाव आदि की जानकारी एवं सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका प्रदान करते हैं। इसी के साथ विज्ञान के क्षेत्र में भी जैन ने जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक की भूमिका में विद्यालय एवं जनपद के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियां एवं गतिविधियां आयोजित की हैं। उन्हें समय- समय पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विभिन्न उपाधियों एवं प्रशंसा पत्रों से सम्मानित किया गया है। परीक्षा पे चर्चा के लिए उन्हें देश के माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रशंसा पत्र भी भेजा गया था।
रिपोर्ट मनोज कुमार शर्मा फिरोजाबाद







