रिपोर्ट अरूण साहू चित्रकूट
विपदा की घड़ी में गरीब परिवारों का बंधाया ढांढस, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
मझगवां। क्षेत्र में बारिश और जलभराव से उत्पन्न संकट के बीच युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ने तालाबतीर हरिजन बस्ती एवं कोलान पहुंचकर प्रभावित गरीब परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और विपदा की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
नवनीत गुप्ता ने प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेते हुए पटवारी से चर्चा कर जल्द से जल्द सर्वे कराने का आग्रह किया, ताकि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत एवं सहायता मिल सके।
इसके बाद उन्होंने मझगवां तालाब का निरीक्षण किया। तालाब में अधिक भराव को देखते हुए उन्होंने सीओ साहब एवं रोजगार सहायक से पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने का आग्रह किया, ताकि आसपास की बस्तियों में जलभराव की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
नवनीत गुप्ता ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।







