हाईटेक एफएसएल मोबाइल वैन से धमतरी पुलिस को मिलेगी नई ताकत, महापौर और एसपी ने दिखाई हरी झंडी

​धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी पुलिस को एक अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन उपलब्ध कराई गई है, जिसका पुलिस लाईन रूद्री में भव्य शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक वैन को महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक श्री इंदरचंद चोपड़ा और पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल यूनिट सीधे घटनास्थल पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट परीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, डिजिटल व भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण और वीडियोग्राफी जैसी तकनीकी जांच करने में सक्षम है, जिससे प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण मौके पर ही संभव हो सकेगा। रायपुर में आयोजित एक मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा इन वैनों को हरी झंडी दी गई थी, जिसके बाद धमतरी जिले के वैज्ञानिक अधिकारी श्री अमित कुमार पटेल इस वैन को लेकर धमतरी पहुंचे और उपस्थित जनप्रितिनिधियों व अधिकारियों को इसकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

​इस अवसर पर महापौर श्री जगदीश रामू रोहरा ने एसपी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। वहीं पूर्व विधायक श्री इंदरचंद चोपड़ा ने पुलिस द्वारा हाल ही में करीब दर्जन भर कठिन मामलों के त्वरित निराकरण के लिए आभार जताया। एसपी श्री सूरज सिंह परिहार ने बताया कि आधुनिक युग में वैज्ञानिक अनुसंधान प्रभावी पुलिसिंग की बड़ी जरूरत है और इस वैन के आने से निष्पक्ष व पारदर्शी विवेचना होगी, जिससे न्यायालय में दोषसिद्धि दर (कन्विकशन रेट) में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की मजबूत विवेचना से 06 आरोपियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी श्री अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद श्रीमती रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर श्री भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी सुश्री मोनिका मरावी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी श्री यशकरण दीप ध्रुव सहित एफएसएल टीम और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version