डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
फसल कटवाकर भी नहीं बनी सड़क, भटके निर्माण पर ग्रामीण भड़के; प्रशासन के आश्वासन पर खुला जाम
डिंडौरी।
जिले के जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत उदरी पंचायत के पोषक ग्राम लूट में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर उतर आया। प्रधानमंत्री जन-मन योजना के तहत स्वीकृत सड़क को कथित रूप से अन्य स्थान पर बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने डिंडौरी–शहडोल मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे संघर्ष के बाद उनके गांव के लिए सड़क स्वीकृत हुई थी। अधिकारियों ने निर्माण शुरू होने का भरोसा दिलाते हुए कई किसानों की खड़ी फसल तक कटवा दी, लेकिन बाद में सड़क का रूट बदलकर उदरी पंचायत की ओर कर दिया गया। इस फैसले से नाराज ग्रामीणों ने सुबह लगभग 11 बजे मार्ग पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया।
चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर बसों और छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे इलाज के लिए शहडोल जा रहे थे, लेकिन जाम के चलते समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार, कोतवाली पुलिस और प्रधानमंत्री जन-मन सड़क योजना के उपयंत्री मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत स्थान और निर्माण प्रक्रिया की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बातचीत और आश्वासन के बाद ग्रामीण दोपहर करीब 2:30 बजे जाम समाप्त करने पर सहमत हुए, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण स्वीकृत स्थान पर शुरू नहीं किया गया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

