सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के आतिथ्य में छिंद तालाब से तिरंगा चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा

हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता की जय—देशभक्ति के रंग में सराबोर हुआ गरियाबंद

गरियाबंद, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर गरियाबंद में शुक्रवार को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की अद्भुत तस्वीर देखने को मिली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी के मुख्य आतिथ्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। छिंद तालाब से प्रारंभ हुई यह यात्रा तिरंगा चौक पहुंची, जहां पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से ओत-प्रोत नजर आया।

हाथों में शान से लहराता तिरंगा और जुबां पर “भारत माता की जय” तथा देशभक्ति के गगनभेदी जयघोष—तिरंगा यात्रा के दौरान गरियाबंद की सड़कों पर देशप्रेम का ऐसा ज्वार उमड़ा कि शहर का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के

रंग में रंग गया। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया कर्मियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

यात्रा के मार्ग में नागरिकों ने भी पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह उमड़ा जनसैलाब राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अटूट प्रेम का सशक्त संदेश देता नजर आया। तिरंगे की आन, बान और शान के साथ निकली इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक गरिमामय बना दिया।

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना रहा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों तथा देश की आजादी और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

प्रमुख रूप से रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी चतुर्वेदी, श्री अनिल चंद्राकर, श्री आशीष शर्मा, श्री आशीष रोहरा, पार्षद श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती बिन्दु सिन्हा, श्रीमती रेणुका साहू, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मिलेश्वरी साहू, मंडल अध्यक्ष श्री सुमीत पारख, सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं कलेक्टर श्री बीएस उइके, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

गरियाबंद की धरती पर लहराता तिरंगा और गूंजता भारत माता का जयघोष स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व को देशप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव का यादगार उत्सव बना गया।

रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो पुलिस वाला न्यूज गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version