सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी भारी: नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
चारामा/कांकेर: उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग को जाल में फंसाकर उसका अपहरण और दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से ही अपनी पहचान छिपाकर महाराष्ट्र में रह रहा था, जिसे पुलिस की विशेष टीम ने पुणे से घेराबंदी कर पकड़ा।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिसंबर 2025 में प्रार्थिया ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान पीड़िता ने बयान दिया कि आरोपी सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा (निवासी मध्य प्रदेश) ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की और फिर बहला-फुसलाकर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू (रा.पु.से.) व श्री दिनेश सिन्हा (सायबर सेल) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री मोहसीन खान (रा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की लोकेशन पुणे में ट्रैक की गई। इसके बाद निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, निरीक्षक यशवंत श्याम (प्रभारी साइबर टीम), उपनिरीक्षक सागर निषाद, आरक्षक अनिल जैन और जितेन्द्र कुमार नाग की टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी सौरभ (20 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय बेहद सावधानी बरतें।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़
