सतना मध्य प्रदेश
सतना 29 सितम्बर 2026/प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सतना जिले में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रेरित कर रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में निर्धारित तिथियों पर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे है। इसके अंतर्गत 30 सितम्बर को सिविल अस्पताल उचेहरा, 3 अक्टूबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटर तथा 7 अक्टूबर को सिविल अस्पताल रामपुर बघेलान में रक्तदान शिविर आयोजित किये जायेंगे।
समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान पंजीयन 10 अक्टूबर तक
सतना 29 सितम्बर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक ई-उपार्जन पोर्टल पर जारी है। जिले में अब तक 3355 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को किसान पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। खरीफ फसलों के बोए गए रकबे की जानकारी डिजिटल क्रॉप सर्वे (गिरदावरी) से ली जा रही है। जिले में अभी तक 69 प्रतिशत रकबे की गिरदावरी पूर्ण हुई है, शेष गिरदावरी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीयन के लिए किसानों की एग्रीस्टेक आईडी बनाकर उसमें उनकी भूमि के सभी खसरों को सम्मिलित कराने तथा ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत चिन्हित किसानों का राजस्व अधिकारियों से सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसानों के पंजीयन के लिए सतत मॉनीटरिंग और व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।
प्रशांत त्रिपाठी सतना ब्यूरो
