डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों ने 50 आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव था, उनमें तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी, औरई रोड डिंडौरी में निर्माणाधीन आवासों में काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। शिकायत पर कलेक्टर ने नगर परिषद डिंडौरी के सीएमओ को मामले की जांच कर लंबित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
पत्नी की मृत्यु के बाद संबल सहायता के लिए आवेदन
ग्राम पड़रिया कला निवासी सुघर लाल झारिया ने अपनी पत्नी स्व. देवकी बाई की मृत्यु के बाद संबल योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की मांग को लेकर आवेदन दिया। कलेक्टर ने जनपद पंचायत शहपुरा के सीईओ को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम बजाग माल निवासी ज्ञानचंद ने निजी भूमि खसरा नंबर 75 एवं 137, रकबा क्रमशः 0.40 और 0.03 हेक्टेयर पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर एसडीएम बजाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
समग्र आईडी में महिला को बताया मृत, कई योजनाओं से हुई वंचित
जनसुनवाई में एक चौंकाने वाला मामला ग्राम पंचायत सैलवार से सामने आया। यहां की निवासी ललिता बाई पट्टा ने शिकायत में बताया कि समग्र आईडी में उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है। इसके कारण उन्हें लाड़ली लक्ष्मी योजना, आय प्रमाण पत्र, बच्चों की छात्रवृत्ति और राशन सहित विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत करंजिया के सीईओ को समग्र आईडी संबंधी त्रुटि की जांच कर शीघ्र सुधार और समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
ग्राम सरई माल निवासी रमेश कुमार ने फार्मर आईडी में सुधार के लिए आवेदन दिया। इस पर नायब तहसीलदार समनापुर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच भी हुई
जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शिविर भी लगाया। इसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के बाद लोगों को आवश्यक परामर्श देने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







