सेवानिवृत्ति के दिन ही मिला पेंशन आदेश: प्रमोद श्रीवास को कलेक्टर ने सौंपा पीपीओ
31 वर्षों की सेवा के बाद सम्मानपूर्वक विदाई, प्रशासन की संवेदनशील पहल
मुंगेली, 30 अप्रैल 2026// जिला कलेक्टोरेट में आज एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी श्री प्रमोद कुमार श्रीवास को उनकी सेवा निवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश प्रदान किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा उन्हें यह आदेश सौंपते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। श्री प्रमोद श्रीवास ने दिनांक 30 मार्च 1995 को कलेक्टर कार्यालय बिलासपुर में भृत्य के पद पर अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2012 में मुंगेली जिला बनने के बाद वे 01 जनवरी 2012 से जिला कार्यालय मुंगेली में अपनी सेवाएं दे रहे थे। लंबे समय तक निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए उन्होंने आज 30 अप्रैल 2026 को अपनी अधिवार्षिकी सेवा पूर्ण की।
इस अवसर पर कलेक्टर ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन आदेश प्रदान करना शासन की प्राथमिकता है, जिससे कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्री प्रमोद श्रीवास ने प्रशासन के इस कदम के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बिना किसी विलंब के पेंशन आदेश मिलना बेहद संतोषजनक है।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली
