WhatsApp Image 2026 04 23 at 20.07.08मुंगेली/ नगर पालिका परिषद मुंगेली में नवपदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अंकुर पाण्डेय ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया है।
पदभार संभालते ही उन्होंने शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, जिसके लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाएगा।
सीएमओ पाण्डेय ने शहर में बढ़ते जल संकट को गंभीर चुनौती बताते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन को प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में योजना तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में पेयजल की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सके। साथ ही, शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पाइपलाइन, जल टंकियों और वितरण प्रणाली में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
नगर पालिका की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए राजस्व वसूली को प्राथमिकता दी जाएगी। सीएमओ ने बताया कि कर संग्रहण प्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा तथा बकाया करों की वसूली तेज की जाएगी। इसके साथ ही नए राजस्व स्रोतों की खोज कर विकास कार्यों को गति देने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अवैध प्लाटिंग के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएमओ पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किए जा रहे प्लाटिंग कार्यों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर का विकास व्यवस्थित और नियोजित तरीके से हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी और फील्ड विजिट के माध्यम से जमीनी स्तर पर समस्याओं का आकलन कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। अंत में उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही मुंगेली को स्वच्छ, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाया जा सकता है।

राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली।

Leave A Reply

Exit mobile version