साधारण परिवारों की असाधारण बेटियां: जिले की 03 बालिकाओं ने राज्य स्तर पर बनाई पहचान
कबड्डी अकादमी हुआ चयन, गांव से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सपना साकार
मुंगेली, 04 मई 2026// जिले की तीन होनहार बेटियों ने राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पहल और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप जिले की तीन बालिकाओं का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह पूरे अंचल के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। लोरमी विकासखंड के ग्राम डिंडोरी की तीन होनहार बेटियों सोनम कैवर्त, श्वेता भास्कर और स्वाति पट्टा ने राज्य स्तर पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद इन बेटियों ने अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कठोर परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। इनके माता-पिता कृषि और मजदूरी से जीवनयापन करते हैं, लेकिन आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटियों के सपनों को कभी थमने नहीं दिया। इन तीनों खिलाड़ियों का चयन स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई (बिलासपुर) स्थित आवासीय कबड्डी अकादमी में वर्ष 2026-27 के लिए हुआ है। यह चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में छिपी प्रतिभा का प्रमाण है।
अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित आवास, संतुलित आहार, आधुनिक खेल सामग्री और एनआईएस प्रशिक्षित अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही पढ़ाई जारी रखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। खिलाड़ियों की फिटनेस और स्वास्थ्य के लिए विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। यह सफलता जिले के अन्य युवाओं, विशेषकर बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह दर्शाता है कि यदि अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली
