गरियाबंद। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय समृद्धि सेवा संस्था गरियाबंद द्वारा जनहित में एक और सराहनीय पहल करते हुए रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम 20 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालगांव में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों की भागीदारी से रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने का उद्देश्य रखा गया है। संस्था का मानना है कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी भी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इसी सोच के साथ यह रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की एक और विशेष पहल के रूप में निःशुल्क एंबुलेंस सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिल सकेगी। यह सेवा ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
समाजसेवी श्री भीम निषाद (मालगांव) ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर रक्तदान करने और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और इससे कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।

समृद्धि सेवा संस्था का यह प्रयास निश्चित ही समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Comments are closed.

Exit mobile version