बिलासपुर, 28 अप्रैल 2026। थाना सकरी पुलिस ने बीट सिस्टम की मदद से 9 अलग-अलग जगहों पर चोरी करने वाले शातिर गैंग को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो बालिग आरोपियों अरविंद पटेल और आशीष रजक समेत 3 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से समरसिबल पंप, चांदी के जेवर, टीवी, कांसे के बर्तन और नगदी समेत लाखों का माल बरामद हुआ है।
बीट आरक्षकों की सूचना से टूटा गैंग
SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी विजय चौधरी ने टीम गठित कर बीट आरक्षकों को पतासाजी में लगाया। सटीक सूचना पर संदेही अरविंद पटेल, निवासी धुरीपारा मंगला को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। पहले गुमराह करने के बाद आरोपी टूट गया और अपने साथी आशीष रजक व 3 नाबालिगों के साथ मिलकर 9 चोरियों की बात कबूल की।
जनवरी से अप्रैल तक दहशत
आरोपियों ने जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच सकरी क्षेत्र में आतंक मचाया था:
- 2 फरवरी: चोरभट्ठी खुर्द के प्लॉट से 3 समरसिबल पंप, स्प्रेयर, ड्रम चोरी।
- 3 फरवरी: देवरीकला में घर से ₹48 हजार नगद पार।
- 5 फरवरी: आशियाना कॉलोनी घुरू से PVC पाइप, लोहे की खिड़की चोरी।
- 14 मार्च: बीज प्रशिक्षण केंद्र से कॉपर तार-वायर चोरी।
- 24 मार्च: गिरधौना में घर से चांदी का करधन, अंगूठी व ₹10 हजार चोरी।
- 14 अप्रैल: बंधवापारा सकरी से टीवी, चांदी की पायल व ₹60 हजार चोरी।
- 16 अप्रैल: संबलपुरी में सूने मकान से ₹90 हजार नगद चोरी।
- जनवरी: सिद्धिविनायक कॉलोनी घुरू से सीलिंग फैन, स्टील के नल, कांसे के बर्तन चोरी।
बरामदगी और खुलासा
आरोपियों की निशानदेही पर 1 समरसिबल पंप, स्प्रेयर पंप, कॉपर वायर, चांदी के जेवर, टीवी, सीलिंग फैन, कांसे के बर्तन और ₹700 नगद जब्त किए गए। आरोपी नगदी रकम खाने-पीने में उड़ा चुके थे।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, राजकुमार वस्त्रकार, लक्ष्मीकांत कश्यप समेत पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।
बीट सिस्टम की सटीक मॉनिटरिंग से सकरी पुलिस ने साबित कर दिया कि छोटी-छोटी सूचनाओं से बड़े गैंग तक पहुंचा जा सकता है।
ब्यूरो चीफ शंकर अघिजा
क्राइम रिपोर्टर राजा जनक्यानी

