डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
डिंडौरी, 03 अक्टूबर 2026। उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान समनापुर में आयोजित 17 वर्ष आयु वर्ग की क्षेत्र स्तरीय बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा के बालक और मंडला की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर डिंडौरी जिले के पांच छात्र-छात्राओं का विभागीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव के मार्गदर्शन में शालेय खेल कैलेंडर 2026-27 के तहत 2 एवं 3 अक्टूबर को प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, सिवनी एवं छिंदवाड़ा जिले की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम, कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबले खेले। बालक वर्ग में छिंदवाड़ा और बालिका वर्ग में मंडला की टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में डिंडौरी जिले के पांच चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालक वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 5 एवं 6 अक्टूबर को सैलाना (रतलाम) तथा बालिका वर्ग की प्रतियोगिता नर्मदापुरम में आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ियों को उनके दल के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रवाना किया गया।
समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू नेताम, हेम सिंह राजपूत, जय सिंह, भारत सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैमल कुशरे, प्राचार्य अजय मरकाम सहित गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में धर्मेंद्र मार्को, कविता छिरसागर, गजेंद्र वर्मे, रोहित चंदरोल, दीपा मरकाम, नीरज पड़वार, संजय सिंह, योगिता गुरनुने, सुनील मरकाम, ज्ञानी सैयाम सहित जिले के खेल शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा। विभिन्न जिलों से आए दल प्रबंधकों में मंडला से जी.एस. ठाकुर, बालाघाट से राजेश बनोते, छिंदवाड़ा से मनोहर, सिवनी से प्रदीप हनवत एवं डिंडौरी से धर्मेंद्र मार्को शामिल रहे।







