शौर्य को नमन: ग्राम मर्रमपानी में शहीद बिरेंद्र कुमार शोरी की प्रतिमा का अनावरण
कांकेर। राष्ट्र रक्षा की वेदी पर अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत, शहीद प्रधान आरक्षक बिरेंद्र कुमार शोरी की स्मृति अब उनके गृह ग्राम मर्रमपानी (बावालारी) में सदैव जीवंत रहेगी। रविवार को नरहरपुर क्षेत्र में एक गरिमामयी समारोह के बीच शहीद शोरी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वर्ष 2010 में पुलिस सेवा में कदम रखने वाले बिरेंद्र कुमार शोरी ने अपनी निष्ठा और साहस के बल पर डीआरजी बल में अहम भूमिका निभाई थी। गौरतलब है कि 04 दिसंबर 2024 को नारायणपुर के पांगुड़ क्षेत्र में नक्सलियों से लोहा लेते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। नई पीढ़ी को उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा से परिचित कराने के ध्येय से स्थापित इस प्रतिमा के अनावरण अवसर पर शहीद के पिता रामनारायण शोरी, माता बिंदु शोरी और पत्नी शीतल शोरी सहित पूरा परिवार उपस्थित रहा।
इस श्रद्धाजंलि सभा में कांकेर विधायक आशा राम नेताम एवं भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके साथ डीआरजी कांकेर के उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर और नरहरपुर थाना प्रभारी सोमेश सिंह बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व पुलिस अधिकारियों ने शहीद के परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपस्थित अतिथियों ने शहीद शोरी के बलिदान को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन और शासन हर कदम पर उनके परिवार के साथ खड़ा है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव

