सम्राट अशोक सेना ने चार ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की

बालाघाट – सम्राट अशोक सेना सामाजिक संगठन द्वारा चक्रवर्ती सम्राट अशोक के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क किया जा रहा है। संगठन के पदाधिकारी लोगों को सम्राट अशोक के विचारों से अवगत कराने के साथ उन्हें संगठन से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

इसी क्रम में सम्राट अशोक सेना के प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव एवं जिला अध्यक्ष धर्मदीप सूर्यवंशी ने परसवाड़ा ब्लॉक के ग्राम कोसमी, बालाघाट ब्लॉक के ग्राम रत्नारा, किरनापुर ब्लॉक के ग्राम मुंडेसरा तथा लांजी ब्लॉक के ग्राम घंसा में पहुंचकर बैठकें आयोजित कीं।

बैठकों की शुरुआत मोमबत्ती प्रज्वलित कर बुद्ध वंदना के साथ की गई। इस दौरान तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा के चरणों में पुष्प अर्पित किए गए। वहीं चक्रवर्ती सम्राट अशोक एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर उपस्थितजनों ने क्रमवार माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात स्थानीय लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय सुखदेव ने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक ने अहिंसा का मार्ग अपनाकर समाज को शांति, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमें भी अपने मन में शिक्षा, समरसता और बंधुत्व की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग एकजुट होकर सम्राट अशोक के विचारों और आदर्शों को अपनाएं तथा समाज में समानता, भाईचारे और जागरूकता का वातावरण निर्मित करें।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए चार ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इसमें परसवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में मोहित खोबरागड़े, बालाघाट ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में आदर्श नागदेवे,किरनापुर ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में आदित्य मेश्राम तथा लांजी ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में सुनील वैद्य को जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में जितेंद्र गौतम, संजय पारधी, अंकित पटले सहित बड़ी संख्या में स्थानीय बंधु उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – अमित फुलमारी

Leave A Reply

Exit mobile version